सीएम के सामने ही प्रदर्शन कर रही जदयू कार्यकर्ताओं ने महिलाओं को पीटा

http://www.bhaskar.com/article/BIH-PAT-women-workers-beat-in-frount-of-chief-minister-4541506-NOR.html
बगहा. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सभा में बुधवार को मध्याह्न भोजन से जुड़ी रसोइयों और टीईटी पास अभ्यर्थियों ने हंगामा किया। इससे नाराज जदयू कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री के सामने ही रसोइयों और टीईटी पास अभ्यर्थियों की पिटाई कर दी। इसमें पांच महिला रसोइये और पांच अभ्यर्थी को चोटें आईं। हंगामे और मारपीट के कारण कुछ देर के लिए सभा में अफरातफरी मच गई। इसके बाद मुख्यमंत्री ने रसोईया संघ की एक नेता को मंच पर बुलाकर उसकी समस्या सुनी और सकारात्मक आश्वासन दिया। मुख्यमंत्री संकल्प यात्रा के दूसरे चरण में बगहा पहुंचे थे।

हुआ यह कि रसोइये अपनी सेवा शर्त में सुधार की मांग को लेकर नारेबाजी कर रही थीं। इसी बीच टीईटी पास अभ्यर्थी भी हंगामा करने लगे। उनका कहना था कि शिक्षकों के करीब डेढ़ लाख पद खाली हैं, लेकिन उन्हें नौकरी नहीं दी जा
रही है।

वे सरकार विरोधी नारे लगा रहे थे। इसी दौरान प्रदर्शनकारियों ने मुख्यमंत्री को काला झंडा दिखाया। इसके बाद जदयू कार्यकर्ता आपे से बाहर हो गये। दर्जनों कार्यकर्ता प्रदर्शनकारियों पर टूट पड़े। महिलाओं को भी नहीं बख्शा। मध्य विद्यालय, पतिलार की रसोइया चिंता देवी को तो बुरी तरह पीटा। काफी मशक्कत के बाद पुलिसकर्मियों ने उसे बचा कर निकाला। हालांकि, सांसद वैद्यनाथ महतो ने जदयू कार्यकर्ताओं के हमले से इनकार किया है।